दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में ‘हाईजैक’ का अलर्ट, मचा हड़कंप; सऊदी अरब में सुरक्षित लैंडिंग

Blinking post: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट को लेकर बुधवार को कुछ देर के लिए हाईजैक की आशंका से हड़कंप मच गया। विमान से पहले इमरजेंसी कोड 7700 और उसके बाद 7500 सिग्नल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। कोड 7500 आमतौर पर विमान के अपहरण की स्थिति से जुड़ा होता है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। हालांकि, बाद में इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय और सुरक्षा सूत्रों ने स्पष्ट किया कि विमान हाईजैक नहीं हुआ था।
रिपोर्टों के मुताबिक, विमान ने दुबई से सुबह करीब 7:05 बजे उड़ान भरी थी और उसे तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरना था। जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में पहुंचने के दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल प्रसारित हुआ। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब की दिशा में चला गया।
स्थिति को गंभीर मानते हुए इजरायली लड़ाकू विमानों को भी सक्रिय किया गया। कुछ समय तक विमान के फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम से गायब रहने के कारण आशंका और बढ़ गई। बाद में सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि विमान सऊदी अरब के तबुक क्षेत्र की ओर जा रहा है।
फ्लाईदुबई की ओर से बाद में बताया गया कि इमरजेंसी सिग्नल कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई झड़प के बाद भेजा गया था। विमान आखिरकार सऊदी अरब में सुरक्षित उतर गया और बाद में सार्वजनिक फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम पर भी दिखाई देने लगा।
इस घटना में विमान में सवार 150 से अधिक यात्रियों की सुरक्षा को लेकर शुरुआती चिंता पैदा हुई थी, लेकिन बाद में अधिकारियों ने साफ कर दिया कि हाईजैक की पुष्टि नहीं हुई थी और विमान सुरक्षित रूप से लैंड कर गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top