क्या अभिजीत दीपके ने भारतीय राजनीति का नया अध्याय लिख दिया?

विचार-

भारतीय लोकतंत्र में जन आंदोलनों का अपना अलग महत्व रहा है। आज़ादी की लड़ाई से लेकर जेपी आंदोलन, अन्ना आंदोलन और किसान आंदोलन तक, जनता की आवाज़ ने कई बार सरकारों को बड़े फैसले लेने पर मजबूर किया है। अब वर्ष 2026 में NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद उभरा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन भी इसी कड़ी में एक नई बहस छेड़ गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस आंदोलन की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
हालांकि, यह कहना कि केवल CJP की वजह से ही इस्तीफा हुआ, पूरी तस्वीर को साफ नहीं माना जाएगा। NEET पेपर लीक, छात्रों का आक्रोश, विपक्ष का दबाव, न्यायिक प्रक्रियाएं और लगातार उठ रहे सवाल- इन सभी कारणों का दवाब बना जाना जिससे ऐसा माहौल बनाया गया जिसमें सरकार पर जवाबदेही का दबाव बढ़ता गया। कॉकरोच जनता पार्टी इस दबाव का सबसे चर्चित चेहरा बनकर उभरा ।



कौन हैं अभिजीत दीपके?
अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) के रहने वाले हैं। वे पेशे से पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटजिस्ट रहे हैं। सार्वजनिक रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की और बाद में Boston University में पब्लिक रिलेशंस विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त की। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वे कुछ समय तक आम आदमी पार्टी के राजनीतिक संचार से भी जुड़े रहे।
दीपके ने सार्वजनिक रूप से स्वयं को दलित समुदाय से आने वाला बताया है। हालांकि उन्होंने अपनी उपजाति के बारे में कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं दी है, इसलिए इस संबंध में कोई दावा करना उचित नहीं होगा।

एक टिप्पणी से शुरू हुई कहानी
15 मई 2026 को सर्वोच्च न्यायालय की एक सुनवाई के दौरान तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश की “कॉकरोच” संबंधी टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। इसी टिप्पणी को आधार बनाकर अभिजीत दीपके ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में पूछा- “अगर सारे कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा?” अगले ही दिन उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) नाम से एक डिजिटल मंच शुरू कर दिया। शुरुआत में इसे सोशल मीडिया का व्यंग्य माना गया, लेकिन कुछ ही दिनों में यह युवाओं का बड़ा अभियान बन गया।

सोशल मीडिया से सड़क तक
इसी दौरान NEET-UG परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों ने लाखों छात्रों को निराश कर दिया। परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए। अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत लौटे और 6 जून को दिल्ली पहुंचकर आंदोलन की कमान संभाली। इसके बाद जंतर-मंतर पर धरना शुरू हुआ, जिसमें धीरे-धीरे छात्र, अभिभावक और कई सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल होते गए।
11 जून को CJP ने परीक्षा सुधारों और जवाबदेही को लेकर अपना पांच सूत्रीय एजेंडा जारी किया। 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू हुआ। बाद में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी आंदोलन के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठ गए, जिससे आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ध्यान मिला।

संघर्ष और राजनीतिक दबाव
20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन CJP ने “चलो संसद” मार्च का आह्वान किया। हजारों छात्र सड़कों पर उतरे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ, कई लोग घायल हुए और इसके बाद यह आंदोलन राष्ट्रीय राजनीति का प्रमुख मुद्दा बन गया। विपक्ष ने भी संसद के भीतर सरकार को घेरा।
लगातार बढ़ते दबाव, शिक्षा व्यवस्था पर उठते सवाल और सरकार के साथ कई दौर की बातचीत के बाद 25 जुलाई 2026 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। उसी दिन CJP ने अपनी प्रमुख मांग पूरी होने के बाद आंदोलन वापस लेने की घोषणा की।

क्या विपक्ष के लिए सबक है?
पिछले एक दशक में कई बड़े मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की, लेकिन बहुत कम अवसर ऐसे आए जब किसी केंद्रीय मंत्री को सार्वजनिक दबाव के बीच पद छोड़ना पड़ा। इस बार एक ऐसा आंदोलन सामने आया जिसकी शुरुआत किसी राजनीतिक दल ने नहीं, बल्कि सोशल मीडिया से जुड़े युवाओं ने की।
यह घटना विपक्ष के लिए भी संदेश है कि केवल संसद के भीतर विरोध करना पर्याप्त नहीं होता। जनता के बीच विश्वसनीय मुद्दे, स्पष्ट नेतृत्व और निरंतर जनसंपर्क ही किसी आंदोलन को प्रभावी बनाते हैं। दूसरी ओर, सरकार के लिए भी यह संकेत है कि युवाओं की चिंताओं—विशेषकर शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली—को केवल प्रशासनिक विषय मानकर नहीं छोड़ा जा सकता।

लोकतंत्र का नया संकेत
अभिजीत दीपके की राजनीति से सहमति या असहमति हो सकती है। CJP की शैली को कोई व्यंग्य कहेगा, कोई डिजिटल क्रांति और कोई जनाक्रोश की नई अभिव्यक्ति। लेकिन एक तथ्य स्पष्ट है कि इस आंदोलन ने भारतीय राजनीति में सोशल मीडिया आधारित जनसंगठन की शक्ति को नए स्तर पर स्थापित किया है।
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा केवल एक मंत्री का पद छोड़ना नहीं है। यह उस संदेश का प्रतीक भी है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़, यदि संगठित, शांतिपूर्ण और लगातार उठे, तो सत्ता को भी सुनना पड़ता है। आने वाले वर्षों में यह आंदोलन भारतीय राजनीति में युवाओं की भागीदारी और डिजिटल जन आंदोलनों का एक महत्वपूर्ण अध्ययन विषय बन सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top