Blinking post बटाला: पंजाब के बटाला में शनिवार को एक ही घर से मां और बेटी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना अलीवाल रोड स्थित फ्रेंड कॉलोनी की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान बबली और उसकी बेटी तमन्ना के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू करने के साथ दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परिजनों ने जीजा पर लगाए हत्या के आरोप
मृतका बबली के भाई विजय ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन और भतीजी की हत्या उसके जीजा जसविंदर मसीह ने धारदार हथियार से की है। परिवार के मुताबिक, जसविंदर पहले कैरोवाल गांव में रहता था और कुछ समय पहले बटाला में किराए का मकान लेकर फ्रेंड कॉलोनी में रहने लगा था।
परिजनों का कहना है कि परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था और घरेलू तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस थाना प्रभारी लखविंदर सिंह, ASI सुखदेव सिंह और ASI राजकुमार सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास से संभावित सबूत जुटाए हैं। जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के बयान भी दर्ज कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


