Jamie Lever : बेटे की बीमारी के मुश्किल दौर को याद कर भावुक हुईं जेमी लिवर

Jamie Lever  : बेटे की बीमारी के मुश्किल दौर को याद कर भावुक हुईं जेमी लिवर, बताया कैसे प्रार्थनाओं के बाद मिली राहत

मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर को लोग हमेशा हंसते-मुस्कुराते और दूसरों को हंसाते हुए देखते हैं। लेकिन उनकी निजी जिंदगी में भी एक ऐसा समय आया था जब पूरा परिवार बेहद कठिन दौर से गुजरा। इस बात का खुलासा उनकी बेटी जेमी लिवर ने एक इंटरव्यू में किया। जेमी ने बताया कि जब वह स्कूल में पढ़ाई कर रही थीं, उसी समय उनके छोटे भाई जेसी की तबीयत अचानक खराब रहने लगी। शुरू में परिवार को समझ नहीं आया कि समस्या क्या है, लेकिन बाद में पता चला कि उनके भाई को ट्यूमर है। जैसे-जैसे समस्या बढ़ी, उन्हें काफी तकलीफ और बेचैनी होने लगी। उन्होंने बताया कि उस समय उनका भाई अपनी परेशानी छिपाने की कोशिश करता था और अलग तरह के कपड़े पहनता था ताकि किसी को कुछ पता न चले। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे, इसलिए बड़ी बहन होने के नाते जेमी हमेशा उनका खास ध्यान रखती थीं।

परिवार के लिए बेहद कठिन समय

जेमी के मुताबिक, भाई की हालत को देखते हुए सर्जरी करवाना जरूरी हो गया था। उस दौर में पूरे परिवार की जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पहले से ही भगवान में आस्था रखता था, लेकिन इस घटना के बाद उनका विश्वास और भी मजबूत हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता को उस समय बेहद तनाव और चिंता में देखा। भाई को ऑपरेशन और रिकवरी की प्रक्रिया से गुजरते देखना पूरे परिवार के लिए बहुत मुश्किल था।

पहली सर्जरी असफल, फिर विदेश में हुआ इलाज

जेमी ने बताया कि पहले उनके भाई का ऑपरेशन मुंबई में हुआ, लेकिन वह सफल नहीं रहा। इसके बाद इलाज के लिए उन्हें अमेरिका ले जाया गया, जहां दूसरी सर्जरी की गई। यह ऑपरेशन काफी लंबा चला और परिवार के लिए बेहद तनावपूर्ण समय था। पहली सर्जरी के बाद पूरा परिवार लगातार प्रार्थना करता रहा। कई लोग भी उनके घर आकर उनके साथ दुआ करते थे। जेमी के अनुसार, उनके पिता जॉनी लीवर अक्सर घुटनों के बल बैठकर ईश्वर से बेटे के लिए प्रार्थना किया करते थे।

अमेरिका में मिली उम्मीद

जेमी ने बताया कि एक बार परिवार अमेरिका में एक चर्च गया, जहां वहां के पादरी से उन्होंने अपने बेटे की बीमारी के बारे में बताया। पादरी ने उन्हें एक अस्पताल का सुझाव दिया और भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा। आखिरकार वहीं पर जेसी की सर्जरी हुई और इलाज सफल रहा। इस घटना को याद करते हुए जेमी ने कहा कि उस कठिन समय ने उनके पूरे परिवार को और ज्यादा मजबूत और एकजुट बना दिया। अब जॉनी लीवर का परिवार उस दौर को एक बड़ी परीक्षा के रूप में याद करता है, जिसने उन्हें विश्वास और उम्मीद की ताकत का एहसास कराया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top