Blinking post: हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान अब इस दुनियां में नही रहे। ‘वेलकम’ फिल्म में अपने यादगार किरदार और ‘कंट्रोल उदय, कंट्रोल!’ जैसे चर्चित डायलॉग से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाले अभिनेता ने 56 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से लंग कैंसर से जूझ रहे थे और बीते करीब 15 दिनों से उनकी तबीयत काफी खराब थी। अभिनेता का निधन गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ।
मुश्ताक ने निभाए कई यादगार किरदार
मुश्ताक खान ने हिंदी फिल्मों में ज्यादातर सपोर्टिंग और कॉमिक किरदार निभाए। अपनी सहज कॉमेडी और खास अंदाज के कारण उन्होंने दर्शकों के बीच अलग जगह बनाई। हाल के वर्षों में वह ‘गदर 2’, ‘बधाई दो’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए।
उनके फिल्मी करियर में ‘कालिया’, ‘कब्जा’, ‘मैं आजाद हूं’, ‘आखिरी गुलाम’, ‘आशिकी’, ‘बाप नंबरी बेटा दस नंबरी’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘सड़क’, ‘प्यार प्यार’, ‘आदमी’ और ‘गुनाह’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
‘वेलकम’ ने दिलाई खास पहचान
मुश्ताक खान फिल्मों के साथ टीवी शोज में भी नजर आए, लेकिन ‘वेलकम’ में उनका किरदार दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ। फिल्म का उनका डायलॉग आज भी लोगों को याद है और सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा में रहता है।
2024 में अपहरण की वजह से आए थे चर्चा में
मुश्ताक खान साल 2024 में अपने कथित अपहरण की खबरों को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे। रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने बुलाया गया था, जिसके बाद दिल्ली-मेरठ हाईवे से उनका अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर फिरौती की मांग की थी। बाद में अभिनेता किसी तरह उनके चंगुल से बाहर निकलने में सफल रहे थे।
मुश्ताक खान के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों के बीच शोक की लहर है।


