जालंधर में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई, 1,000 किलो संदिग्ध पनीर और 68 किलो मिल्क क्रीम सीज

Blinking post (जालंधर): त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सेहत विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने गुरुवार तड़के मॉडल हाउस स्थित एक डेयरी और जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर करीब 1,000 किलो संदिग्ध पनीर और 68 किलो मिल्क क्रीम को सीज कर दिया।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पनीर, दूध, घी और दही सहित विभिन्न डेयरी उत्पादों के कुल 9 नमूने एकत्र कर जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिए। विभाग का कहना है कि शुरुआती जांच में उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने के कारण पूरे स्टॉक को सील कर दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा सका। इसके अलावा अधिकारियों ने यह भी जांच शुरू कर दी है कि संबंधित पनीर का निर्माण कहां किया गया और उसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

सेहत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंचे, इसके लिए जिलेभर में निरीक्षण और छापेमारी का अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत विभाग को दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top