रायबरेली (Blinking post): कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुधवार को रायबरेली में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में हुई इस बैठक के दौरान राहुल गांधी ने जिले में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर अधिकारियों से कई सवाल किए।
बैठक में उस वक्त माहौल चर्चा का विषय बन गया, जब राहुल गांधी ने अपनी जेब से मोबाइल फोन निकाला और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को एक तस्वीर दिखाई। तस्वीर देखने के बाद मंत्री भी कुछ देर के लिए हैरान नजर आए।
राहुल गांधी ने अधिकारियों के सामने तस्वीर दिखाते हुए सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठाया। बताया गया कि यह तस्वीर रायबरेली में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाए गए दरीबा से कठघर मार्ग की है। सड़क की मौजूदा हालत बेहद खराब बताई जा रही है।
राहुल गांधी ने इस मामले में मौजूद अधिकारियों से जवाब मांगा, लेकिन बैठक में उन्हें तत्काल कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद सड़क निर्माण और उसकी मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल और भी गंभीर हो गए।
बैठक में अमेठी के सांसद किशोरी लाल के अलावा ऊंचाहार से बीजेपी विधायक मनोज पांडेय, एमएलसी और राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। पूरी बैठक के दौरान राहुल गांधी विकास कार्यों की स्थिति को लेकर सवाल उठाते नजर आए।


