स्कूल बस का इंतजार कर रहा था 7 साल का बच्चा, क्रेटा सवारों पर अगवा करने का आरोप; पुलिस ने 5 पर केस दर्ज किया

Blinking post/ Punjab : पंजाब के शाहकोट क्षेत्र के गांव बाजवा कलां में मंगलवार सुबह एक सात वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण की घटना सामने आई है। दूसरी कक्षा का छात्र स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान क्रेटा कार में आए कुछ लोग उसे कथित तौर पर अपने साथ ले गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बच्चे की मां पुष्पिंदर कौर, जो सिविल अस्पताल शाहकोट में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत हैं, ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह सुबह करीब 7.15 बजे स्कूल बस आने का इंतजार कर रहा था। आरोप है कि चंडीगढ़ नंबर वाली क्रेटा कार में दो पुरुष और एक महिला मौके पर पहुंचे और बच्चे को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए।

पीड़ित मां ने इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चंडीगढ़ में स्थित उनकी करीब ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते उनके बच्चे को निशाना बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच की जा रही है।

पुष्पिंदर कौर के अनुसार, 18 मई को भी उनके बेटे को स्कूल से ले जाने की कथित कोशिश की गई थी। उन्होंने उस समय इसकी शिकायत शाहकोट थाने में दी थी। मां का आरोप है कि उस शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो मौजूदा घटना को रोका जा सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस अब कार और उसमें सवार लोगों की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

मामले को लेकर मॉडल थाना शाहकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर अमन सैनी ने बताया कि पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद किया गया है, जबकि दो अन्य फिलहाल अज्ञात बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार के मालिक की भी पहचान कर ली गई है और उसका संबंध मोहाली से बताया जा रहा है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने और मामले में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top