पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह पर FBI का शिकंजा, मोस्ट वांटेड सूची में शामिल
Blinking post: अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भारतीय गैंगस्टर मेजर सिंह को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया है। 29 वर्षीय मेजर सिंह पर अमेरिका में संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों में कथित भूमिका का आरोप है।
FBI के मुताबिक, मेजर सिंह पंजाब से जुड़े जग्गू भगवानपुरिया गैंग का अहम सदस्य है और इस नेटवर्क की अमेरिका में गतिविधियों से उसका संबंध रहा है। एजेंसी ने उसकी तस्वीर जारी कर उसके बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से संपर्क करने की अपील की है।
मेजर सिंह के खिलाफ कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत में मामला दर्ज है। उस पर RICO Act के उल्लंघन की साजिश और बिना लाइसेंस हथियारों से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
FBI के अनुसार, जग्गू भगवानपुरिया गैंग एक ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन है, जिसकी जड़ें पंजाब में हैं। एजेंसी ने इस नेटवर्क पर कथित रैकेटियरिंग, हथियारों के अवैध कारोबार और नियंत्रित नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।


