Blinking post (जालंधर) : जालंधर जिले में मतदाता सूची की विशेष समीक्षा प्रक्रिया (SIR) के तहत चलाया गया घर-घर सर्वे का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। जिला चुनाव अधिकारी-सह-डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने पहले चरण के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि जिले में बड़े पैमाने पर मतदाताओं की स्थिति में बदलाव दर्ज किया गया है।
1.84 लाख से ज्यादा वोटर फॉर्म अनुपलब्ध
आंकड़ों के अनुसार, 3 अगस्त 2026 तक कुल 1,84,997 मतदाताओं के फॉर्म उपलब्ध नहीं हो सके। सर्वे की पड़ताल में सामने आया कि जिले में 50,520 मतदाता मृत हो चुके हैं, जबकि 94,356 मतदाता अपने पुराने पते से किसी दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं। इसके अलावा 30,157 ऐसे वोटर पाए गए जो अनट्रेसेबल (लापता) हैं। सर्वे के दौरान 8,961 डुप्लीकेट वोटर एंट्री और 1,003 मतदाता अन्य श्रेणियों में दर्ज किए गए हैं।
13 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट सूची, 12 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि 13 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर सूची (प्रारूप मतदाता सूची) जारी कर दी जाएगी। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम इस ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं होता है, तो वह 12 सितंबर तक फॉर्म नंबर-6 भरकर अपना दावा और आपत्ति दर्ज करा सकता है।
अनमैप्ड वोटरों को भेजे जाएंगे नोटिस
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि जो मतदाता अब तक मैप नहीं हो पाए हैं, उन्हें 13 अगस्त से प्रशासन द्वारा औपचारिक नोटिस भेजे जाएंगे। इन मतदाताओं को निर्धारित समय के भीतर अपने जरूरी दस्तावेज जमा करवाने होंगे। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 12 अक्टूबर को अंतिम (फाइनल) वोटर सूची का प्रकाशन किया जाएगा।


