प्रताप नगर में 32 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला, तेजधार हथियारों से किए कई वार

Blinking post बठिंडा: थाना कैनाल कॉलोनी क्षेत्र के प्रताप नगर/अर्जुन नगर इलाके में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते एक 32 वर्षीय युवक पर कथित तौर पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुए इस हमले में युवक के सिर और पूरे शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक होने के कारण सिविल अस्पताल से उसे आगे रेफर किया गया, जिसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जानकारी के मुताबिक, कुलवीर सिंह उर्फ बग्गी किसी काम से गुरु नानक रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान लाल रंग की कार में सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसका पीछा शुरू कर दिया। खुद को खतरे में देख कुलवीर सिंह बचने के लिए एक मेडिकल दुकान के अंदर चला गया। आरोप है कि हमलावर वहां भी पहुंच गए और दुकान के भीतर ही कुलवीर पर कुल्हाड़ी, किरपान और कापों समेत कई तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के संचालक और वहां मौजूद लोगों ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने हमला जारी रखा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च स्तर के इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
  घायल की मां परमजीत कौर के अनुसार, उनका बेटा इलाके की एक दुकान पर बैठा हुआ था। दुकान से बाहर निकलने के बाद कुछ युवकों ने पीछे से आकर उस पर हमला कर दिया। परिवार ने फिलहाल हमले की वजह की जानकारी होने से इनकार किया है।वहीं, घायल को अस्पताल ले जा रहे उसके दोस्त ने भी इलाके के कुछ युवकों पर हमले में शामिल होने का शक जताया है। पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका सामने आई है।
  मामले की सूचना मिलने के बाद डीएसपी सरबजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top